बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर पंजाब में हमला, आप पर लगाया आरोप
नई दिल्ली। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया है कि पंजाब में बटाला के पास उनके काफिले पर हमले की कोशिश की गई। बिट्टू बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में शामिल होने पठानकोट जा रहे थे तभी उनके काफिले को निशाना बनाया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री के ऑफिस के मुताबिक, उनकी सुरक्षा टीम ने कथित तौर पर आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े तीन लोगों को पकड़ा है। रवनीत सिंह बिट्टू का कहना है कि अगर उन्हें कुछ होता है तो उसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत और पंजाब के डीजीपी जिम्मेदार होंगे।
रवनीत बिट्टू ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और ड्रग एडिक्ट्स (नशे के आदी लोग) आपस में मिले हुए हैं, और वे पिछले साढ़े चार साल से यही कर रहे हैं। वहां करीब 500 लोग थे। मैं अपनी गाड़ी से वहां से गुज़रा। मेरे पास Z-प्लस सिक्योरिटी है और मेरे साथ करीब 100 सुरक्षाकर्मी होते हैं। सुरक्षा के लिए वहां स्थानीय DSP और SP भी पुलिस के साथ मौजूद थे। मुझे नहीं पता कि ये लोग कौन हैं, लेकिन इस समय उनके फोन चालू हैं। वे लगातार कह रहे हैं, ‘उन्हें घेर लो, उन्हें मारो, उनकी जान ले लो।’ उन्होंने गाड़ियों पर हमला किया और गाड़ियों की खिड़कियां तोड़ दीं। अंडे और टमाटर तो छोटी बात है। उनमें से कुछ के पास हथियार भी थे।
बिट्टू ने बताया कि जब हम एक सेफ हाउस में घुसे, तो कुछ लोग फिर से हम पर हमला करने के लिए अंदर आ गए। उन्होंने कहा कि मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन करके घटना के बारे में बताया है। इसके साथ ही बिट्टू ने इस हमले के पीछे आप विधायक कलसी और प्रधान जोबन के शामिल होने का आरोप लगाया है। बिट्टू के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र और राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। पंजाब सरकार को इस घटना की तुरंत जांच करानी चाहिए।
