September 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सऊदी अरब के कई शहरों पर हूती विद्रोहियों का हमला, जेद्दा समेत इन तीन जगह इमरजेंसी अलर्ट घोषित

जेद्दा। सऊदी अरब पर यमन के हूती विद्रोहियों के हमले जारी हैं। हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब के कई शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे। हूती के हमले के बाद सऊदी अरब ने जेद्दा, आभा और जाजान शहरों में इमरजेंसी घोषित करते हुए अलर्ट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक हूती की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन से 13 लोग घायल हुए। सऊदी अरब में कई मकानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है।

सऊदी अरब की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि हूती विद्रोहियों ने आभा, ताइफ और खमीस मुशेत शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे। ये सभी सऊदी अरब के प्रमुख शहर हैं। हूती की ओर से खमीस मुशेत में एयरबेस पर दर्जनों मिसाइलें और ड्रोन दागकर वहां मौजूद सऊदी एयरफोर्स के विमानों के हैंगर, रडार, रनवे और हथियारों के डिपो को निशाना बनाए जाने की खबर है। ताजा हमले के बाद सऊदी अरब और यमन की वायुसेना ने हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर जोरदार बमबारी की। इनमें लाल सागर के किनारे स्थित मोचा बंदरगाह भी शामिल है।

हूती विद्रोहियों ने यमन के पश्चिमी तट और लाल सागर के मुहाने पर मौजूद पेरिम द्वीप पर कब्जा कर लिया है। इससे बाब अल-मंदेब होकर व्यापारिक जहाजों के आने-जाने पर रोक का खतरा पैदा हुआ है। हूती विद्रोहियों को ईरान का समर्थन हासिल है। ईरान ने पहले ही होर्मुज स्ट्रेट से होकर जहाजों के आने-जाने पर कंट्रोल कर रखा है। अगर हूती ने बाब अल-मंदेब से होकर जहाजों का आवागमन रोका, तो उससे कच्चे तेल का और बड़ा संकट खड़ा होने के आसार बन जाएंगे। सऊदी अरब यमन की चुनी हुई सरकार के साथ खड़ा है। इस वजह से हूती विद्रोही लगातार उस पर निशाना साधते रहते हैं। बीते दिनों ही हूती ने सऊदी अरब की रिफाइनरी, कच्चे तेल की पाइपलाइन समेत कई जगह हमले किए थे। जिनमें 70 से ज्यादा लोग घायल हुए। सऊदी अरब को भी कच्चे तेल की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन बंद करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *