September 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

टीएमसी के 20 बागी सांसदों में से 17 एनसीपीआई छोड़ बीजेपी में हो सकते हैं शामिल

नई दिल्ली। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद जो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हो गए थे अब उनमें से 17 सांसद बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। यह दावा किसी और ने नहीं बल्कि इन्हीं में से एक टीएमसी के बागी सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने किया। कूचबिहार से सांसद बसुनिया का कहना है कि दुर्गा पूजा से पहले सभी सांसदों के बीजेपी ज्वाइन करने की प्लानिंग है। उन्होंने तीन सांसद जो बीजेपी में नहीं जाएंगे उनको लेकर भी बड़ा दावा किया।

बसुनिया ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के तीन सांसद अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान सीधे तौर पर बीजेपी में शामिल नहीं होंगे लेकिन इन तीनों का बाहर से एनडीए को समर्थन रहेगा। बसुनिया ने यह भी कहा कि एनसीपीआई से 20 में से दो-तिहाई से ज्यादा सदस्य साथ जा रहे हैं, इसलिए हम सब पर दल-बदल कानून लागू नहीं होगा। आपको बता दें कि बसुनिया का यह स्टेटमेंट ऐसे समय पर आया है जब लोकसभा अध्यक्ष की ओर से 26 अगस्त को इन सभी 20 सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब के लिए इनके पास 22 सितंबर तक का समय है।

दरअसल तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर इन बागी सांसदों की दलबदल विरोधी कानून के तहत सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। वहीं बागी सांसद लोकसभा अध्यक्ष से खुद को एनसीपीआई के सांसद के रूप में मान्यता देने की मांग कर चुके हैं। काकोली घोष दस्तिदार, शताब्दी रॉय, बापी हलदर, सायोनी घोष, मिताली बाग, दीपक अधिकारी समेत टीएमसी के इन 20 बागी सांसदों ने 14 जून को एनसीपीआई में विलय का एलान किया था। इसी के साथ उन्होंने एनडीए को समर्थन देने की बात भी कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *