March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा, अपनों के खून का बदला लेने में संकोच नहीं करेंगे, ईरान ने अमेरिका और इजरायल को जता दिए इरादे

नई दिल्ली। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने देश के नाम अपने पहले संबोधन में अमेरिका और इजरायल को अपने इरादे जता दिए हैं। उन्होंने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में कहा कि तेहरान अपने शहीदों के खून का बदला लेने में जरा भी संकोच नहीं करेगा। दुश्मन पर दबाव बनाने के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) बंद रहेगा। मोजतबा ने आगे कहा कि ईरान अपने पड़ोसियों के साथ मित्रता में विश्वास रखता है और केवल अमेरिकी ठिकानों पर ही हमला कर रहा है। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाने की नीति में बदलाव नहीं होगा। आगे भी हमले जारी रहेंगे।

इसी के साथ उन्होंने मध्य पूर्व के देशों से जल्द से जल्द अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईरान न्याय और शांति की राह पर चलता रहेगा, लेकिन अपने दुश्मनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई से किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगा। मोजतबा ने कहा कि हर किसी की शहादत को याद रखा जाएगा। हम अपने शहीदों विशेषतौर पर मिनाब स्कूल के शहीद बच्चों के खून का बदला जरूर लेंगे। ईरान की सेना पूरी मजबूती के साथ देश की रक्षा कर रही है और दुश्मनों के हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने दुश्मन से अपने नुकसान की भरपाई करने की भी बात कही। मोजतबा के इस संदेश से इस बात का अंदेशा जताया जा रहा है कि फिलहाल युद्ध थमने वाला नहीं है।

बता दें कि 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका की संयुक्त एयर स्ट्राइक में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। उनके अलावा उनकी पत्नी और परिवार के कई अन्य सदस्य भी मारे गए थे। अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर चुना गया है। मोजतबा खामेनेई का यह बयान ऐसे समय में जारी किया गया है जब हाल ही में इजरायल की ओर से यह दावा किया गया था कि उसके हमले में मोजतबा घायल हो गए हैं। हालांकि हालांकि बयान जारी के दौरान मोजतबा कैमरे पर नहीं दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *