ऋषभ पंत ने विदेशी धरती पर टेस्ट क्रिकेट में पूरे किए 2500 रन, एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में हैं। पिछली चार टेस्ट पारियों में पंत ने तीन बार अर्धशतक लगाया है। कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ आज पंत ने 88 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली। जिसमें उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। अपनी आज की इस पारी की बदौलत पंत ने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। विदेशी धरती पर टेस्ट क्रिकेट में पंत के 2500 रन पूरे हो गए हैं और वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
पंत से पहले विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाजों में धोनी का नाम टॉप पर था। धोनी ने विदेश में टेस्ट में कुल 2496 रन बनाए थे। औसत के मामले में भी पंत ने धोनी को पीछे छोड़ दिया है। धोनी का औसत जहां 32.84 था वहीं ऋषभ पंत ने 42 के औसत से रन बनाए। इस लिस्ट में भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज फारुख इंजीनियर का नाम तीसरे स्थान पर है। फारुख ने विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में 1209 रन बनाए थे। इसके बाद नाम आता है सैयद किरमानी का जिन्होंने विदेशी पिचों पर टेस्ट में 1109 रन बनाए थे।
पंत बहुत जल्द धोनी का एक और रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। एमएस धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 90 मैचों में 4876 रन बनाए थे जबकि पंत सिर्फ 52 टेस्ट मैचों में ही 3725 रन बना चुके हैं। आपको बता दें कि धोनी ने टेस्ट करियर में 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं। जबकि पंत अभी तक 8 सेंचुरी मार चुके हैं और 21 हाफ सेंचुरी भी जड़ चुके हैं। इस तरह से पंत के नाम पहले ही सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज का रिकॉर्ड दर्ज है।
