हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का विजयी आगाज, वेल्स को 3-1 से हराया, 2 गोल करके छाए कप्तान हरमनप्रीत सिंह
नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले मैच में जीत के साथ आगाज किया। भारतीय टीम ने वेल्स को 3-1 से हरा दिया। इस तरह से स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने देश को शानदार जीत का तोहफा दिया। भारत के युवा डिफेंडर संजय ने मैच शुरू होने के बाद 8वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया और वेल्स पर 1-0 से बढ़त बनाई। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह दो गोल करके छा गए। उन्होंने पहला गोल 11वें और दूसरा गोल 43वें मिनट में दागा। हरमनप्रीत सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
भारत की टीम लगभग पूरे मैच में वेल्स पर हावी रही। पहले हाफ के खत्म होने तक भारत की टीम 2-0 से आगे थी। भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में भी वेल्स की टीम पर बढ़त को बनाए रखा। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने वेल्स पर अटैक जारी रखा। कप्तान हरमनप्रीत ने फील्ड गोल दागकर स्कोर को 3-1 पर पहुंचा दिया और अंत तक यह बढ़त बनाए रखी। वेल्स की टीम को अपना दूसरा वर्ल्ड कप खेल रही है उसने शुरुआत काफी अच्छी की और भारतीय टीम पर दबाव बनाने का प्रयास किया मगर भारत के मजबूत डिफेंस के आगे उसकी रणनीति फेल हो गई।
वेल्स की टीम के लिए एकमात्र गोल सैम ने किया। वेल्स की टीम को पेनाल्टी स्ट्रोक का मौका मिला और सैम ने इसका फायदा उठाते हुए गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। इस तरह से 56वें मिनट में वेल्स की टीम का खाता खुला। मैच के शुरुआती टाइम पर वेल्स के खिलाड़ी प्रिटचार्ड ने गोल करने के कई शानदार मौके बनाए मगर भारतीय गोलकीपर सूरज ने हर बार गेंद को रोककर गोल होने से बचा लिया। भारतीय टीम अब सोमवार को अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड की टीम से भिड़ेगी। इस वर्ल्ड कप का आयोजन बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है।
