नई दिल्ली। बिहार के बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को समय से पहले जेल से रिहा करने के बिहार सरकार के फैसले को पलट दिया है। इसके साथ ही आनंद मोहन को एक महीने में सरेंडर करने का निर्देश दिया है। साल 1994 में आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने के मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था और उनको आजीवन कारावास की सजा हुई थी। आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप साबित हुआ था।
बिहार सरकार ने कानून में संशोधन कर आनंद मोहन को समय पूर्व रिहाई दे दी थी। आनंद मोहन 14 साल जेल में रहने के बाद 24 अप्रैल, 2023 को बाहर आ गए थे। आनंद मोहन को समय से पहले रिहा किए जाने के बिहार सरकार के फैसले को दिवंगत अधिकारी की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने बिहार सरकार के इस फैसले को रद्द कर दिया और आनंद मोहन को फिर से जेल भेजने का आदेश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट बेंच ने फैसला सुनाते हुए कहा कि 2023 में बिहार सरकार के द्वारा किया गया संशोधन जिसके तहत ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषी को समय पूर्व रिहा किया गया वो बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या नेक नीयत के लिया गया एक अचानक बदलाव है। राज्य सरकार कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित करने में विफल रही है, इसलिए यह अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन माना जाता है। बेंच ने इसी बात का हवाला देते हुए पूर्व सांसद आनंद मोहन को सजा में मिली छूट को बरकरार रखने से इनकार कर दिया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट बेंच ने दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद जुलाई में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
