रविन्द्र बंसल-
*लखनऊ।* उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गाजियाबाद, नोएडा, वाराणसी और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त बदल दिए गए हैं। नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद तथा गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ को नोएडा भेजा गया है।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना बनाया गया है। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
एडीजी स्तर पर रमित शर्मा को लखनऊ जोन और प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है। डीआईजी स्तर पर प्रभाकर चौधरी को लखनऊ, अभिषेक सिंह को आगरा, शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ और आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज की जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज तथा कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर में डीसीपी बनाया गया है। सुनीति को डीजीपी मुख्यालय में एसपी और प्रीति यादव को आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा आकाश तोमर, अमित कुमार प्रथम, नरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. अनिल कुमार पांडेय, त्रिभुवन सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, सुशील कुमार शुक्ला और अजीत कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों को पीएसी, प्रशिक्षण संस्थानों और विभिन्न विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तीन अधिकारियों पुनीत द्विवेदी, नीतू और अमित कुमावत के पूर्व तबादला आदेश निरस्त कर उन्हें क्रमशः गाजियाबाद, लखनऊ और आगरा में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
