भारतीय सेना के अफसर और जवान अब इंस्टाग्राम पर सिर्फ कर सकेंगे नजरदारी, नई नीति में कंटेंट पोस्ट करने या लाइक और शेयर पर रोक
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने अपने अफसरों और जवानों के सोशल मीडिया इस्तेमाल के बारे में अपनी नीति में बदलाव किया है। भारतीय सेना की नई नीति के मुताबिक सेना के अफसर और जवान अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर न कोई पोस्ट डाल सकेंगे और न ही किसी पोस्ट को लाइक या शेयर कर सकेंगे। भारतीय सेना की नई नीति के तहत अफसर और जवान इंस्टाग्राम को सिर्फ निगरानी और उसके कंटेंट देखने के लिए ही कर पाएंगे।
इससे पहले भारतीय सेना ने जवानों और अफसरों के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करने पर नियम तय किए थे। सेना के अफसरों और जवानों पर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को सैन्य कार्य के लिए इस्तेमाल करने पर रोक लगाई गई थी। यहां तक कि वाट्सएप जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का सेना के कार्यों के लिए इस्तेमाल भी बंद किया गया था। भारतीय सेना की ओर से डिजिटल प्लेटफॉर्म संबंधी पुराने नियम भी लागू रहेंगे। नए नियम के दायरे में अब इंस्टाग्राम को भी लाया गया है। मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि भारतीय सेना ने नई नीति सभी यूनिट्स और विभागों को भेज दी है।
बताया जा रहा है कि भारतीय सेना ये चाहती है कि उसके अफसर और जवान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद सामग्री पर नजर रखें। ताकि उनको जरूरी सूचनाएं भी मिल सकें। इसके अलावा सेना के खिलाफ भ्रामक कंटेंट की पहचान भी वे कर सकेंगे। वहीं, इंस्टाग्राम पर पोस्ट न कर पाने की वजह से भारतीय सेना के अफसर और जवान दुश्मन देशों के जासूसों की ओर से हनी ट्रैप किए जाने से भी बच सकेंगे। तमाम ऐसी घटनाएं पहले हो चुकी हैं, जब सेना के जवानों को दुश्मन देश के जासूसों ने सोशल मीडिया के जरिए हनी ट्रैप किया। हनी ट्रैप कर जवानों से सेना की गोपनीय सूचनाएं हासिल करने की कोशिश दुश्मन देशों के जासूस करते हैं। अब जवानों और अफसरों से कहा गया है कि वे सोशल मीडिया पर मौजूद फर्जी और भ्रामक कंटेंट की जानकारी अपने उच्चाधिकारी को दें।
