भारत के खिलाफ पाकिस्तान टीम की दुर्दशा देख बीच मैच स्टेडियम से भाग निकले पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी
कोलंबो। आपको याद होगा कि यूएई में एशिया कप 2025 की ट्रॉफी लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान सरकार में गृहमंत्री मोहसिन नकवी भाग गए थे। अब पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी एक बार फिर भागते नजर आए। जगह थी कोलंबो और मौका था रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मैच। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी भी भारत और पाकिस्तान का ये मैच देखने पहुंचे थे, लेकिन जैसे ही मोहसिन नकवी ने देखा कि पाकिस्तान की टीम को भारत के हाथ बड़ी हार मिलने वाली है, तो वो बीच में ही स्टेडियम से खिसक लिए। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम से बीच मैच भागते मोहसिन नकवी का वीडियो वायरल हुआ है।
मोहसिन नकवी निश्चित तौर पर उस वक्त जोश में होंगे, जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ टॉस जीता। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम को शायद उम्मीद थी कि भारत को सस्ते में निपटाकर वो बाद में जरूरी रन बना लेगा। पाकिस्तान के खिलाफ जब भारत ने कोलंबो में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए, तो अपने खिलाड़ियों की तरह पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी का जोश भी हाई जरूर हुआ होगा, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेलने उतरी पाकिस्तान की टीम के खिलाड़ी कभी शून्य तो कभी चार रन बनाकर पैवेलियन लौटते रहे। ऐसे में मोहसिन नकवी ने भी स्टेडियम से भागना बेहतर समझा।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले मोहसिन नकवी बड़ी-बड़ी डींग हांक रहे थे। कोलंबो में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का दावा भी उन्होंने किया था, लेकिन आईसीसी के कड़े तेवर के कारण यू-टर्न लेकर भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैच खेलने की बात मोहसिन नकवी ने मान ली। अब हालत ये है कि अगर पाकिस्तान ने नामीबिया के साथ मैच को नहीं जीता, तो टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने का खतरा पाकिस्तान पर मंडराने लगेगा। क्योंकि अमेरिका यानी यूएसए की क्रिकेट टीम का नेट रन रेट पाकिस्तान से बेहतर है। नामीबिया से मैच जीतकर ही पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में पहुंच सकता है। जबकि, भारत सुपर 8 में पहुंच चुका है।
