नई दिल्ली। अमेरिका ने एक बार फिर भारत और चीन समेत 14 देशों पर टैरिफ लगाने का नया प्रस्ताव पेश किया है। रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारत, कंबोडिया, इंडोनेशिया, साउथ कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ट्रंप प्रशासन की योजना है। वहीं चीन पर सर्वाधिक 40 प्रतिशत टैक्स लगाने का प्रस्ताव है। जबकि वियतनाम के लिए 35% टैरिफ और बांग्लादेश, यूरोपीय संघ (EU), जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर को 20 प्रतिशत तक टैरिफ के दायरे में रखा गया है। ब्राजील के प्रस्तावित टैरिफ संशोधन पर 14 जनवरी, 2027 को सुनवाई होगी।
अमेरिका का कहना है कि ये नए शुल्क उन देशों को लक्षित करके लगाए जा रहे हैं जो अपनी प्रोडक्शन क्षमता और उत्पादन को बाजार की मांग से कहीं अधिक बढ़ा रहे हैं और ऐसा करने से अमेरिकी कारोबार और कंपनियों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। टैरिफ के जरिए ट्रंप प्रशासन अपने व्यापारिक साझेदारों पर दबाव बनाना चाहता है कि वो अमेरिकी उत्पादों की खरीद बढ़ाएं या अपने उत्पादों की मैन्यूफैक्चरिंग अमेरिका में ट्रांसफर करें। नए टैरिफ को लेकर प्रस्ताव की खबर ऐसे समय पर आई है जब एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप को पहले ही मध्यावधि चुनाव में तगड़ा झटका लग चुका है और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों, प्रतिनिधि सभा और सीनेट में बहुमत हासिल कर लिया है।
वहीं दूसरी तरफ भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील जिसको लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है, उस पर भी नए टैरिफ प्रस्ताव का प्रभाव पड़ सकता है। अभी हाल ही में ट्रंप ने कहा भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कहा था कि जल्द ही हम फाइनल नतीजे पर पहुंच जाएंगे। वहीं भारत भी यह स्पष्ट कर चुका है कि अपने हितों से समझौता नहीं करेगा। आपको बता दें कि ट्रंप ने अपने दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल की शुरुआत से ही कई देशों पर टैरिफ बम फोड़ना शुरू कर दिया था। अब एक बार फिर ट्रंप प्रशासन उसी राह पर है।
