अलीगढ़। देशभर में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में यूपी के अलीगढ़ में 12 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार किए गए हैं। अलीगढ़ पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद इन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए सभी 12 बांग्लादेश नागरिकों ने पूछताछ में कबूल किया है कि वे अवैध तौर पर भारत में दाखिल हुए। यूपी में पहले भी बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार होते रहे हैं। खासकर 2017 में बीजेपी की सरकार बनने के बाद ऐसी गिरफ्तारियां बढ़ी हैं।
अलीगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है कि गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशियों के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, बैंक खातों के दस्तावेज और ईपीएफओ के कार्ड भी बरामद किए गए। इन सभी के फोन जब्त कर जांच की गई। जिससे पता चला कि वे बांग्लादेश में अपने रिश्तेदारों से कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क बनाए रखते थे। अलीगढ़ पुलिस ने घुसपैठ और अन्य आरोपों के तहत गिरफ्तार बांग्लादेशियों पर केस दर्ज किया है। इनको भारत में दस्तावेज मुहैया कराने वालों की पहचान की पुलिस ने तैयारी की है।
आम तौर पर बांग्लादेशी नागरिक असम और पश्चिम बंगाल में कई जगह सीमा के खुले पड़े हिस्सों से भारत में दाखिल होते हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार के दौरान बांग्लादेश की सीमा से लगे इलाकों में जमीन न दिए जाने के कारण करीब 600 किलोमीटर के इलाके में बाड़ नहीं लग सकी थी। बीजेपी की सरकार बनने के बाद जमीन दी गई और बीएसएफ खाली जगह की बाड़बंदी कर रही है। वहीं, असम, मेघालय जैसे राज्यों में भौगोलिक स्थिति की वजह से कई जगह बांग्लादेश सीमा पर बाड़ नहीं है। ऐसे में सीमा के इन खुले इलाकों से घुसपैठिए भारत में प्रवेश करते हैं। फिर दलालों के जरिए भारतीय दस्तावेज हासिल कर काम-धंधा भी करते हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साफ एलान कर रखा है कि भारत से एक-एक घुसपैठिए को निकाल बाहर किया जाएगा। उसी के तहत देशभर में पुलिस बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर कार्रवाई करती रहती है।
