February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए पीएम मोदी का दफ्तर हुआ सक्रिय, दिल्ली सरकार के अफसरों से मांगी इस बारे में रिपोर्ट

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि राजधानी से होकर बहने वाली यमुना नदी को हर हाल में साफ किया जाएगा। पीएम मोदी के इस संकल्प को पूरा करने के लिए उनका दफ्तर यानी पीएमओ मैदान में उतर गया है। हिंदी अखबार अमर उजाला के मुताबिक पीएमओ ने यमुना की दशा सुधारने के लिए बुधवार को अहम बैठक की। यमुना सफाई से संबंधित बैठक में दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी समेत सभी संबंधित विभागों के आला अफसर शामिल हुए। बैठक में दिल्ली सरकार के अफसरों से कहा गया कि वे पीएम मोदी के भारत लौटने से पहले यमुना को प्रदूषित करने वाले स्रोतों पर रिपोर्ट दें। अखबार के मुताबिक दिल्ली में यमुना की सफाई की निगरानी खुद पीएम नरेंद्र मोदी करने वाले हैं।

बैठक में तय हुआ कि यमुना को प्रदूषित करने वाले स्रोतों की पहचान होगी। सभी कारकों की पहचान से इसे दुरुस्त किया जा सकेगा। दिल्ली में यमुना को साफ करने के लिए नदी में अन्य स्रोतों से पानी की मात्रा बढ़ाने का उपाय भी तलाशा जाएगा। बताया जा रहा है कि यमुना तक गंगनहर के जरिए गंगा का पानी भी लाया जा सकता है। वहीं, यमुना नदी के किनारों को सुंदर बनाने के लिए गुजरात के साबरमती रिवर फ्रंट प्राधिकरण की मदद भी ली जा सकती है। दिल्ली की सफाई और कूड़े के निस्तारण के लिए एमसीडी अफसरों से भी पीएमओ के अफसरों ने चर्चा की। दिल्ली को साफ-सुथरा रखने में जो कमियां हैं, उनके बारे में पूछा गया। बता दें कि खुद पीएम मोदी का कहना है कि दिल्ली देश की राजधानी है और उसे वैसा ही दिखना चाहिए। मोदी ने दिल्ली को भारत का गेटवे तक कहा था।

दिल्ली में सफाई, साफ पेयजल की सप्लाई, कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने, यमुना की सफाई और इसके किनारों का सौंदर्यीकरण बीजेपी की बनने वाली सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में पीएम मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने और दिल्ली में बीजेपी सरकार के शपथग्रहण के साथ ही सभी पर काम शुरू होने के आसार हैं। इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि दिल्ली की बीजेपी सरकार अपनी पहली कैबिनेट बैठक में यमुना की सफाई पर बड़ा फैसला लेगी।

You may have missed