दिल्ली

मोदी सरकार जल्दी ही पास कराने वाली है परिसीमन बिल!, जानिए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के किस बयान से मिला संकेत?

शेयर करें:

नई दिल्ली। नवंबर का महीना खत्म होने में छह दिन ही बचे हैं, लेकिन संसद के मॉनसून सत्र का अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है। ऐसे में लगातार ये अटकलें लगती रही हैं कि मोदी सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन बिल पास कराने की तैयारी में है। वहीं, बीते दिनों न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी कि दिसंबर के पहले हफ्ते में संसद का शीतकालीन सत्र हो सकता है। जिसमें परिसीमन बिल को पास कराने की मोदी सरकार की तैयारी है। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संकेत दिए हैं कि सरकार परिसीमन बिल पास कराने की दिशा में बढ़ रही है।

नितिन नबीन ने रविवार को चंडीगढ़ में बीजेपी के कार्यकर्ताओं से बातचीत की थी। चंडीगढ़ में नगर निगम के चुनाव हैं। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जाने से पहले वो एक और बात कहना चाहेंगे। नितिन नबीन ने कहा था कि महिलाओं के स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ आने वाले वक्त में महिलाओं को उनके अधिकारों के मामले मे भी हम आगे बढ़ाएंगे। नितिन नबीन ने कहा था कि नारी शक्ति वंदन एक्ट बहुत जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि चिंता न करें, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो संकल्प हमने लिया है, हमारी पार्टी जब भी कोई संकल्प लेती है, तो सरकार उसे पूरा करती है।

ऐसे में सवाल ये भी है कि क्या परिसीमन बिल पास कराने के लिए सरकार के पास संख्या है? क्योंकि अप्रैल में मोदी सरकार दो-तिहाई बहुमत न होने की वजह से परिसीमन बिल पास नहीं करा सकी थी। लोकसभा में 540 सीटों में से अभी 3 खाली हैं। दो-तिहाई बहुमत के लिए सरकार को 361 वोट की जरूरत होगी। एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं। वहीं, ऐसी चर्चा जोरों पर है कि विपक्षी गठबंधन से अलग हुई डीएमके भी परिसीमन बिल पर समर्थन कर सकती है। जबकि, शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने बीते दिनों कहा था कि अगर राज्यों में भी 50 फीसदी लोकसभा सीटें बढ़ें, तो बिल को समर्थन देने पर विचार किया जा सकता है। इससे पहले न्यूज एजेंसी से बातचीत में सरकार के एक वरिष्ठ सदस्य ने भरोसा जताया था कि परिसीमन बिल 15 से 18 वोट के अंतर से पास हो जाएगा।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें