टीम इंडिया ने पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से दी शिकस्त, मानव सुथार ने मैच में 10 विकेट लिए
गाले। भारत ने गाले में पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से शिकस्त दी है। टीम इंडिया की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने 10 विकेट लिए। मानव सुथार ने इस साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट खेला था श्रीलंका की टीम को जीत के लिए 372 रन हासिल करने थे, लेकिन बुधवार को लंच के बाद सेशन में मेजबान टीम 77.4 ओवर में 206 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। श्रीलंका की दूसरी पारी में मानव सुथार ने 55 रन देकर 6 विकेट लिए। वहीं, रवींद्र जडेजा ने 16 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ 462 रन बनाए थे। जिसकी वजह से श्रीलंका के सामने काफी बड़ा लक्ष्य आ गया था। टेस्ट के आखिरी दिन लंच तक भारत ने श्रीलंका के 2 विकेट ले लिए थे। उस वक्त मेजबान टीम 6 विकेट पर 175 रन ही बना सकी थी। इससे पहले मंगलवार को श्रीलंका ने 4 विकेट गंवा दिए थे। श्रीलंका को बड़ा झटका कैप्टन धनंजय डी सिल्वा का विकेट गिरने से लगा। धनंजय 59 रन पर थे, जब रवींद्र जडेजा ने उनको आउट कर दिया। इसके बाद श्रीलंका टीम के बल्लेबाज संभल नहीं सके। वे एक-एक कर पैवेलियन लौटते रहे।
मेजबान टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा और सोनल दिनुषा ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। वहीं, निरोशन डिकवेला 10 रन और केशारा नुवांथा 20 रन बनाकर आउट हो गए। प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा तो खाता खोले बिना ही पैवेलियन लौट गए। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में टॉस जीकर भारत ने पहले बैटिंग की थी। टीम इंडिया ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे। जबकि, श्रीलंका की टीम ने पहली पारी में 284 रन ही बनाए। टीम इंडिया ने ऐसे में 178 रन की बढ़त हासिल की थी। टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए थे। जिससे श्रीलंका पर 371 रन की बढ़त हासिल हुई थी।
