September 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मोहसिन नकवी के हाथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी नहीं ली एशिया कप ट्रॉफी, बीसीसीआई बोला- हमने दो ऑप्शन दिए थे

दुबई। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के बाद अब महिला क्रिकेट टीम ने भी पाकिस्तान के गृहमंत्री और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दुबई में रविवार को एशिया कप चैंपियनशिप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर टूर्नामेंट जीता। मोहसिन नकवी प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए पोडियम पर मौजूद थे। श्रीलंका की टीम ने उनसे मेडल और चेक लिया। जिसके बाद मोहसिन नकवी वहां से चले गए। अब बीसीसीआई ने बताया है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ट्रॉफी लेना चाहती थी। इसके लिए दो ऑप्शन दिए थे। जिनको मोहसिन नकवी ने नहीं माना।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने हिंदुस्तान टाइम्स अखबार को बताया कि बोर्ड ने एसीसी के उपाध्यक्ष से ट्रॉफी लेने या मौजूदा परंपरा के मुताबिक बीसीसीआई के ही कर्ताधर्ता से ट्रॉफी लेने का ऑप्शन दिया था। जिस पर मोहसिन नकवी राजी नहीं हुए। सैकिया ने कहा कि डेढ़ साल पहले पुरुष टीम के एशिया कप की जीत के वक्त लिए गए रुख से इस बार भी बीसीसीआई हटना नहीं चाहता था। देवजीत ने कहा कि हमें अब तक पुरुष एशिया कप की ट्रॉफी नहीं मिली है। इसके बावजूद हम विदेशी भाड़े के सैनिकों के हाथ जान गंवाने वाले उन बहुत से लोगों का सम्मान करते हुए अपना रुख बनाए रखना चाहते हैं।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय महिला टीम ने अनुरोध किया था कि एसीसी के उपाध्यक्ष ट्रॉफी दें, लेकिन इसे माना नहीं गया। इस वजह से तय किया कि प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शामिल न होने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम को बीसीसीआई एशिया कप जीतने के लिए बधाई देता है। देश हमारे महिला क्रिकेटरों पर गर्व करता है। सैकिया ने कहा कि किसी न किसी वक्त हम पुरुष और महिला टीम के नाम हुईं एशिया कप की दोनों ट्रॉफी हासिल कर लेंगे। मैच खत्म होने के बाद जब अवॉर्ड सेरेमनी शुरू नहीं हुई थी, तो भारतीय टीम ने बेस्ट फील्डर के लिए खुद की सेरेमनी की। जिसमें फील्डिंग कोच सुभदीप घोष ने मेडल दिए। देवजीत सैकिया ने नंदनी शमी को मेडल दिया। इस मौके पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *