बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत की हालत खराब, फॉलोऑन का खतरा मंडराया
नई दिल्ली। मेलबर्न में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन आज भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा। यशस्वी जायसवाल को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सका। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम के आधे खिलाड़ी वापस पैवेलियन लौट चुके थे। भारत का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन का है जिसमें 82 रन अकेले यशस्वी जायसवाल ने बनाए हैं। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 474 रन बनाए। इस तरह से भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 310 रन पीछे है और टीम इंडिया पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है।
भारत की तरफ से फिलहाल ऋषभ पंत 6 रन और रवींद्र जडेजा 4 रन के निजी स्कोर से आगे तीसरे दिन के मैच की शुरुआत करेंगे। टीम इंडिया को फॉलोऑन बचाने के लिए 275 रन का स्कोर पार करना होगा ऐसे में फिलहाल तो भारत के सामने यही बहुत बड़ी चुनौती है। भारत की तरफ से विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर 102 रनों की पार्टनरशिप की। दूसरे दिन के आखिरी सेशन में भारत के 3 विकेट सिर्फ 6 रन के अंदर गिर गए। विराट एक बार फिर ऑफ स्टंप की बाहर की गेंद खेलते हुए आउट हुए। उन्होंने 36 रन की पारी खेली।
केएल राहुल ने 24 रन बनाए जबकि कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 3 रन ही बना सके। नाइटवाचमैन के तौर पर बल्लेबाजी करने उतरे आकाशदीप बिना खाता खेले ही आउट हो गए। बॉलिंग में बात करें तो भारत की तरफ से पहली पारी में जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। रवींद्र जडेजा को 3, आकाशदीप को 2 और वाशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टीव स्मिथ ने शतकीय पारी खेलते हुए शानदार 150 रन मारे। स्मिथ का यह लगातार दूसरा टेस्ट शतक है। इसी के साथ स्मिथ भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
