अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पहुंचा भारत, ट्रॉफी के लिए रविवार को पाकिस्तान से होगी भिड़ंत
नई दिल्ली। क्रिकेट अंडर-19 मेंस एशिया कप के सेमीफाइनल मैच में भारत ने श्रीलंका को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दुबई में आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराया। इसी के साथ अब ट्रॉफी के लिए भारत की टीम चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। फाइनल मैच रविवार 21 अक्टूबर को खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंची है। दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया की जीत के साथ ही फाइनल का रोमांच और बढ़ गया है। इससे पहले सीनियर मेंस एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल में भिड़ंत हुई थी जिसमें टीम इंडिया जीती थी।
भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल मैच में बारिश ने बाधा डाली। बारिश की वजह से मैच अपने तय समय से देरी से शुरू हो सका इसके चलते मैच के फॉर्मेट में चेंज करना और जो मुकाबला 50-50 ओवर का होना था, उसे 20-20 ओवर का कर दिया गया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 138 रन बनाए। श्रीलंकाई कप्तान विमत दिनसरा ने 32 और चामिका हीनातिगाला ने 42 रनों की पारी खेली। भारत की तरफ से हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट चटकाए।
जीत के लिए 139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत कुछ अच्छी नहीं रही। चौथे ओवर में सिर्फ 25 रनों के स्कोर पर ही भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी आउट हो गए। हालांकि इसके बाद विहान मल्होत्रा और ऐरन जॉर्ज ने मिलकर पारी को न सिर्फ संभाला बल्कि 114 रनों की नाबाद साझेदारी बनाकर टीम को जीत दिला दी। विहान मल्होत्रा ने तेज बैटिंग करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ऐरन जॉर्ज ने भी अर्द्धशतकीय पारी खेली। इस तरह से 18 ओवर में ही भारतीय टीम लक्ष्य तक पहुंच गई और फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत की अंडर 19 टीम आठवीं बार एशिया कप का फाइनल खेलने जा रही है। जबकि पाकिस्तान की टीम ने चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया है।
