भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट की घोषणा, 20 मिलियन डॉलर का होगा निवेश, द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर साइन हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई टेलीफोनिक बातचीत के बाद इसकी घोषणा की गई। अमेरिका के द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ के बीच यह मोदी सरकार की एक बड़ी कूटनीतिक सफलता है। न्यूजीलैंड भारत में 20 मिलियन डॉलर का निवेश करेगा और अगले पांच सालों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य होगा। इसी साल मार्च में न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन भारत दौरे पर आए थे तब प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच एफटीए को लेकर बातचीत शुरू हुई थी।
पीएम मोदी ने एफटीए के संबंध में जानकारी साझा करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण, द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त कदम। मेरे मित्र प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और मैंने कुछ समय पहले ऐतिहासिक भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के समापन के बाद एक बहुत ही सार्थक बातचीत की। महज नौ महीनों में संपन्न हुआ यह ऐतिहासिक समझौता हमारे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को गहरा करने की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
इस मुक्त व्यापार समझौते के तहत, बाजार तक बेहतर पहुंच, पहले से अधिक निवेश, नवप्रवर्तकों, उद्यमियों, किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, छात्रों और युवाओं के लिए अनेक अवसर सुनिश्चित होंगे। भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी नई ऊंचाइयों को छूने जा रही है। मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) आगामी 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का मार्ग प्रशस्त करता है। भारत न्यूजीलैंड से विभिन्न क्षेत्रों में 20 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के निवेश का स्वागत करता है। हमारे प्रतिभाशाली युवा, जीवंत स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और सुधार-उन्मुख अर्थव्यवस्था नवाचार, विकास और दीर्घकालिक साझेदारी के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं। साथ ही, हम खेल, शिक्षा और सांस्कृतिक संबंधों जैसे अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग को मजबूत करना जारी रखते हैं।
