May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नागरिकों पर हमला अस्वीकार्य, यूएई में ईरान के ड्रोन अटैक में तीन भारतीयों के घायल होने पर पीएम नरेंद्र मोदी की सख्त प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद एक बार फिर पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ गए हैं। ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन पर ड्रोन अटैक किया जिसकी वजह से वहां आग लग गई और इसमें तीन भारतीय नागरिक भी जख्मी हो गए। भारत के प्रधानमंत्री ने इस घटना की निंदा करते हुए नागरिकों पर हमले को अस्वीकार्य बताया है। पीएम मोदी ने कहा, भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी तरह एकजुट है और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।

मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इस मामले को संज्ञान में लेते हुए अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर ईरान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भारत ने स्पष्ट कहा है कि यह स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फुजैराह पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना अस्वीकार्य है। हम इस प्रकार की शत्रुता को तत्काल समाप्त करने और नागरिक बुनियादी ढांचे तथा निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने पर रोक लगाने का आह्वान करते हैं।

जायसवाल ने कहा कि भारत इस स्थिति से निपटने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थक है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। हम अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्बाध नौवहन और व्यापार की भी मांग करते हैं। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *