आतंकवाद के खिलाफ हमारा संकल्प अडिग, 9/11 हमले की 25वीं बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए बोले पीएम मोदी
नई दिल्ली। अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए 9/11 हमले की आज 25वीं बरसी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस भयानक हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी है। इसके साथ ही आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर एक बार फिर से प्रतिबद्धता जताई है। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत में सीमा पार आतंकवाद का भी जिक्र किया। भारतीय पीएम ने 9/11 हमले के सभी पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े होने की भी बात कही। मोदी ने एक्स पर 2014 में 9/11 मेमोरियल और म्यूजियम के अपने दौरे की फोटो भी पोस्ट की हैं।
मोदी ने एक्स पर लिखा, भयावह 9/11 हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि। साथ ही उन परिवारों के साथ हम एकजुटता से खड़े हैं जिनकी जिंदगी इस आतंकवादी हमले की वजह से हमेशा के लिए बदल गई। मोदी ने कहा, आतंकवाद ने दुनिया भर में अनगिनत लोगों की जान ली है। सीमा-पार आतंकवाद के पीड़ित के तौर पर भारत कई दशकों से इस लड़ाई में सबसे आगे रहा है। भले ही आतंकवाद का खतरा बदलता रहता है, लेकिन आतंकवाद के हर रूप और तरीके के खिलाफ हमारा संकल्प और विरोध अडिग है। हम इस बुराई से निपटने की सभी कोशिशों का समर्थन करते हैं।
याद दिला दें कि 11 सितंबर 2001 को अल-कायदा के आतंकवादियों ने विमानों को हाईजैक कर इस हमले को अंजाम दिया था। दो विमानों को न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स से टकराया गया था जिसमें वो दोनों बहुमंजिला इमरातें धराशाई हो गई थीं। यह अल-कायदा का अब तक का सबसे बड़ा अटैक था। इस हमले का मास्टरमाइंड अलकायदा सरगना आतंकी ओसामा बिन लादेन था। इस हमले में लगभग 3000 लोगों की जान गई थी। इस आतंकी हमले के लगभग 10 साल बाद 2 मई 2011 को अमेरिकी सेना ने पाकिस्तान के एबटाबाद में लादेन के ठिकाने पर घुसकर उसे मार गिराया था।
