September 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा मेयर चुनाव में बीजेपी का डंका, तीनों नगर निगमों में खिला कमल

नई दिल्ली। राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा में हुए मेयर के चुनाव में बीजेपी का डंका बजा है। तीनों ही नगर निगम में बीजेपी के महापौर चुने गए हैं। कोटा में बीजेपी की अनुसुइया गोस्वामी, जयपुर में सुनील कोठारी और जोधपुर में प्रसन्न मेहता चुनाव जीते हैं। इसी के साथ अब प्रदेश के 10 नगर निगम में से 9 में बीजेपी के मेयर बन गए हैं। सिर्फ बीकानेर कांग्रेस के पास है, अनिल कल्ला यहां के मेयर हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के क्षेत्र जोधपुर में हालांकि बीजेपी को टक्कर मिली मगर कांग्रेस जीत नहीं पाई।

जयपुर में बीजेपी के सुनील कोठारी ने कांग्रेस के उम्मीदवार सुनीता महावर को बड़े अंतर से हराया। सुनील कोठारी को 89 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता महावर के पक्ष में 60 वोट पड़े। इसी तरह जोधपुर में बीजेपी के प्रत्याशी प्रसन्नचंद मेहता को 53 वोट हासिल हुए और उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी को 47 वोट मिले। सबसे कड़ी टक्कर जोधपुर में ही मानी जा रही थी। जोधपुर में बीजेपी ने 45 और कांग्रेस ने 44 पार्षद हैं। जबकि 11 निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में बीजेपी को निर्दलीय पार्षदों का साथ मिला और प्रसन्नचंद मेहता मेयर चुन लिए गए।

कोटा में बीजेपी प्रत्याशी अनुसुइया गोस्वामी का मुकाबला कांग्रेस की सुनीता सुमन से था। 100 वार्ड वाले कोटा नगर निगम में बीजेपी के 57 पार्षद हैं और इस तरह से पहले ही बीजेपी कैंडिडेट की जीत तय मानी जा रही थी। कोटा नगर निगम में बीजेपी को 65 और कांग्रेस को 35 वोट मिले हैं। बताया जा रहा है कि यहां पर 4 कांग्रेस पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए बीजेपी के पक्ष में मतदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *