नई दिल्ली। कोविड महामारी के दौरान लॉकडाउन था। रोजाना काम करने वालों के लिए मुश्किल वक्त था। ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) शुरू की थी। ये योजना अब भी लागू है, लेकिन सरकार ने जब सैंपल सर्वे कराया, तो मुफ्त अनाज पाने वालों में से तमाम के बारे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सरकार ने मुफ्त अनाज पाने वाले 51000 लाभार्थियों का सैंपल सर्वे कराया। इस सर्वे में पता चला कि राष्ट्रीय स्तर पर हर पीएमजीकेएवाई के 100 लाभार्थी में से 13 के पास एसी, कार, सरकारी नौकरी या 3 कमरों से ज्यादा का पक्का मकान है। जबकि, इन लोगों को मुफ्त राश नहीं मिलना चाहिए। सर्वे में पता चला कि पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में ऐसे अपात्र लोगों की संख्या हर 100 लाभार्थियों में से 20 से ज्यादा है। जबकि, यूपी, मध्य प्रदेश और राजस्थान में अपात्र लोगों की संख्या राष्ट्रीय औसत से काफी कम है।
पीएमजीकेएवाई योजना का एलान 26 मार्च 2020 को किया गया था। पीएम मोदी की कैबिनेट ने इस योजना को 1 जनवरी 2024 से और 5 साल के लिए बढ़ाया था। यानी मुफ्त अनाज की योजना 1 जनवरी 2029 तक लागू रहेगी। योजना के तहत 78.63 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। ऐसे में हर 100 लोगों में 13 अपात्रों का आंकड़ा सामने आने से साफ है कि बड़ी तादाद में अपात्र हर महीने मुफ्त अनाज ले रहे हैं। खास बात है कि मुफ्त अनाज की योजना केंद्र सरकार की है, लेकिन लाभार्थियों का नाम राज्य सरकारें तय करती हैं। माना जा रहा है कि अपात्र लोगों को राशन मिलने की जानकारी सामने आने के बाद अब केंद्र सरकार ऐसे सभी लोगों की जानकारी जुटाएगी और अपात्र लोगों से राशन का पैसा भी वसूला जा सकता है। इनकम टैक्स देने वाले, तय आय सीमा से ज्यादा कमाने वाले परिवार, बड़ी गाड़ियां और संपत्ति रखने वाले मुफ्त अनाज योजना के पात्र नहीं हैं।
