नई दिल्ली। महिलाओं से शादी का झूठा वादा करके उनका यौन शोषण और ठगी करने के आरोपी मोहम्मद माजिन को यूएई से डिपोर्ट कर भारत लाया है। विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने प्रयास करते हुए मोहम्मद माजिन को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। मोहम्मद माजिन के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था। उसने शादी का वादा करके 14 महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाए, उनके साथ अंतरंग पलों के वीडियो बनाए और उनसे पैसे ऐंठे। इसके बाद आरोपी माजिद विदेश भाग गया था।
इन्हीं में एक पीड़िता ने महाराष्ट्र पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी। पीड़िताा के अनुसार, आरोपी माजिन ने पीड़िता को अपने प्रेम जाल में फंसाया, उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित और उसका शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक शोषण किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर उससे 18 लाख रुपये ऐंठ लिए। बाद में पुलिस को जांच के बाद आरोपी के बारे में पता चला कि उसने 13 अन्य महिलाओं को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाकर शिकार बनाया। इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस अदालत के समक्ष चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है।
महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर, एनसीबी, सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से इस व्यक्ति के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी कराया था। UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, UAE के अधिकारियों ने उसे भारत डिपोर्ट करने की अनुमति दे दी। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम UAE गई, जहां आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया। 20 नवंबर 2026 को पुलिस टीम आरोपी को लेकर कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची। सीबीआई के अनुसार, 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है, जिनमें 2026 में अब तक वापस लाए गए 74 भगोड़े भी शामिल हैं।
