April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हाइवे से सफर करते हैं तो ये खबर पढ़ लीजिए, आज से टोल टैक्स पेमेंट में एनएचएआई ने किया है बड़ा बदलाव

नई दिल्ली। एनएचएआई यानी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बुधवार से टोल टैक्स संबंधी नियम में बदलाव कर दिया है। एनएचएआई के नए नियमों के मुताबिक अब टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट नहीं होगा। एनएचएआई के सभी टोल प्लाजा पर डिजिटल या फास्टैग के जरिए ही पेमेंट किया जा सकेगा। एनएचएआई के मुताबिक हाइवे और एक्सप्रेसवे पर टोल लेने में पारदर्शिता के कारण कैश पेमेंट को खत्म किया गया है। साथ ही डिजिटल पेमेंट होने से टोल प्लाजा से गाड़ियां ज्यादा तेजी से गुजर सकेंगी और लंबी कतारें व ईंधन की खपत कम होंगी।

सभी टोल बूथ पर यूपीआई का क्यूआर कोड लगाया गया है। टोल कर्मचारी से जानकारी लेकर यूपीआई के जरिए टोल का पेमेंट किया जा सकेगा। इससे उन बुजर्ग यात्रियों को दिक्कत हो सकती है, जो यूपीआई से डिजिटल पेमेंट नहीं करते हैं। वहीं, जिन वाहनों में फास्टैग लगा है, उनका टोल खुद ब खुद कट जाएगा। एनएचएआई ने कहा है कि उसके हाइवे और एक्सप्रेसवे पर यात्रा से पहले फोन में यूपीआई का कोई एप चालू रखें। साथ ही ये भी ध्यान रखें कि खाते में पर्याप्त पैसा हो। एनएचएआई ने ये भी कहा है कि किसी किसी टोल प्लाजा पर इंटरनेट संबंधी दिक्कत के कारण यूपीआई से टोल पेमेंट में दिक्कत भी आ सकती है। ऐसे में सबसे बेहतर तरीका फास्टैग लगाने का है।

टोल टैक्स वसूलने के लिए पहले ही कई नियम बदले जा चुके हैं। फास्टैग लाए जाने के कारण टोल प्लाजा पर लंबे वक्त तक गाड़ी मालिकों को इंतजार नहीं करना होता। साथ ही अब कैश से टोल देने को पूरी तरह बंद कर हालात को और बेहतर बनाने की कोशिश की गई है। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पहले ही बता चुके हैं कि आने वाले दिनों में जीपीएस से टोल काटा जाएगा। ऐसा होने पर देशभर में टोल प्लाजा नहीं दिखेंगे। एक निश्चित जगह से वाहन के पार करते ही पहले से लगे जीपीएस सिस्टम से टोल कट जाएगा। हालांकि, इस व्यवस्था के लागू होने में अभी कुछ वक्त और लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *