April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अगर पार्टी सही रास्ते पर चलती तो वो नहीं जाते, आप में टूट पर अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में 10 में से 7 सांसदों के अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़ बीजेपी में जाने पर गांधीवादी समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया आई है। अन्ना ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वैसे तो लोकतंत्र में कहां जाना, कहां रहना यह हर व्यक्ति का अपना अधिकार है। उन्होंने आगे कहा कि उनको कुछ न कुछ दिक्कतें आई होंगी इसीलिए वो पार्टी छोड़कर चले गए। अगर आम आदमी पार्टी सही रास्ते पर चलती तो ऐसा नहीं होता।

अन्ना ने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज और देश को सामने रखते तो वो नहीं जाते लेकिन आप समाज और देश को भूल गए तथा सत्ता और पैसे के पीछे पड़ गए इसी कारण गड़बड़ी हो गई। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पार्टी छोड़ी है, तो उन्हें कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा होगा या उनके अपने कारण रहे होंगे। अन्ना ने कहा कि लोकतंत्र है इसलिए उनको जो लगता है कि जहां जाना है वो वहां जाएंगे। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा अपने साथ आप के 6 अन्य सांसदों को लेकर बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता पार्टी में पड़ी फूट का जिम्मेदार बीजेपी को बता रहे हैं। आम आदमी पार्टी के लिए यह बहुत बड़ा झटका है कि जिन अशोक मित्तल को आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में पार्टी का उपनेता बनाया था उन्होंने ने भी आप छोड़ दी है। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफे का ऐलान करते हुए कहा था कि मैं आम आदमी पार्टी से दूर और जनता के पास जा रहा हूं। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा था कि आई एम द राइट मैन, इन द रॉन्ग पार्टी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *