एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है मसला
गाजियाबाद। खुद को एक्स मुस्लिम बताने वाले सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद से सलीम वास्तिक को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि सलीम वास्तिक को दिल्ली के एक कारोबारी के अपहरण और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। साल 2000 में जमानत पर बाहर आने के बाद सलीम वास्तिक फरार हो गया। वो पहचान छिपाकर गाजियाबाद में रहने लगा था। अब दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।
सलीम वास्तिक पर बीते दिनों घर पर दो लोगों ने जानलेवा हमला किया था। सलीम वास्तिक के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। जिसकी वजह से सलीम वास्तिक गंभीर रूप से घायल हुआ था। सलीम वास्तिक को हमले के बाद काफी वक्त अस्पताल में गुजारना पड़ा था। बीते दिनों ही अस्पताल से सलीम वास्तिक की छुट्टी हुई थी और वो घर आया था। अब सलीम वास्तिक पुराने हत्या के केस में फंस गया है। सलीम वास्तिक मुस्लिमों की धार्मिक पुस्तक कुरान के खिलाफ बयान देकर चर्चा में आया था।
सलीम वास्तिक का घर यूपी के गाजियाबाद स्थित लोनी में है। सलीम वास्तिक ने आजाद स्कूल से दीनी तालीम पाई, लेकिन फिर खुद को एक्स मुस्लिम बताकर चर्चा में आ गया। सलीम वास्तिक का एक यूट्यूब चैनल भी है। जिसके 28000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। खबर लिखे जाने तक सलीम वास्तिक के परिवार की ओर से गिरफ्तारी के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। सवाल ये है कि जब सलीम वास्तिक इतने साल से पहचान छिपाकर रह रहा था और मीडिया व यूट्यूब के जरिए सामने आ रहा था, तो पुलिस की निगाह अब तक उस पर क्यों नहीं पड़ी?
