April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पप्पू यादव के खिलाफ पटना में दर्ज हुई एफआईआर, महिलाओं को लेकर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज हुई है। पप्पू यादव ने हाल ही में महिलाओं को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी इसी मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जेडीयू की प्रदेश सचिव रीना कुमारी चौधरी की ओर से पटना के शास्‍त्रीनगर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि सांसद के बयान से महिलाओं की गरिमा तार-तार हुई है। पप्पू यादव के अमर्यादित बयान से वो आहत हुईं और इसी वजह से पूर्णिया सांसद के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

इससे पहले बिहार महिला आयोग ने भी पप्पू यादव के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनको नोटिस जारी किया था। महिला आयोग ने कहा था कि पूर्णिया सांसद ने अपने बयान से उन मह‍िलाओं के लिए शत्रुतापूर्ण और निराशाजनक माहौल बनाने का कुत्‍स‍ित प्रयास किया है जो राजनीति में आकर देश सेवा करना चाहती हैं। महिला आयोग ने पप्पू यादव से इस बात का भी जवाब मांगा कि आपकी संसद सदस्यता को क्यों न रद्द कर दिया जाए? बता दें कि पप्पू यादव ने कहा था कि नेता के रूम में जाए बिना 90 प्रतिशत महिलाएं राजनीति कर ही नहीं सकतीं। इस प्रकार से पप्पू यादव ने लगभग उन सभी महिलाओं के चरित्र पर उंगली उठा दी जो राजनीति में हैं।

पप्पू यादव के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है। पप्पू यादव सोशल मीडिया यूजर्स विशेष तौर पर महिलाओं के निशाने पर हैं। कई जगहों पर पप्पू यादव के खिलाफ विरोध, प्रदर्शन भी हुए। हालांकि इस बात को तूल पकड़ता देख पप्पू यादव ने एक दिन पहले शुक्रवार को ही अपने बयान पर माफी मांग ली। पूर्णिया सांसद ने कहा कि मेरे बयान से अगर राजनीति में सक्रिय महिलाओं को ठेस पहुंची है तो मैं इसके लिए मैं उनसे माफी मांगता हूं, लेकिन मेरी माफी बहनों और बेटियों से है, नेताओं से नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *