July 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एक्शन, गोली चलाने वाला एसटीएफ जवान गिरफ्तार

नई दिल्ली। बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। भरत पर गोली चलाने वाले एसटीएफ जवान अक्षय को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। अक्षय की गिरफ्तारी आरा से हुई है। भरत तिवारी की मां आशा देवी और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया था कि भरत के सरेंडर करने के बाद भी एसटीएफ जवान ने उसको गोली मार दी थी। आरा के एसपी राज ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि आरा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मिलकर आरोपी जवान अक्षय को गिरफ्तार किया है। आगे की कानूनी कार्यवाही और जांच की जा रही है।

गोली चलाने वाले एसटीएफ जवान अक्षय की गिरफ्तारी ऐसे समय पर हुई है जब अभी कुछ दिन पहले ही भरत की मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। सीएम से मिलने के बाद भरत की मां आशा देवी ने कहा था कि उनको न्याय की उम्मीद सिर्फ मुख्यमंत्री से है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। इससे पहले पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के एनकाउंटर मामले में बयान देते हुए कहा था कि अगर कोई गलत है तो उस पर कार्रवाई हो। 17 जून को पुलिस ने भरत का एनकाउंटर किया था।

भरत की मां आशा देवी की शिकायत के आधार पर जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और शाहपुर थानाध्यक्ष सहित एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है। इस मामले में पांच पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड किया गया है। भरत तिवारी के एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच की मांग वाली एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी। याचिकाकर्ता वकील विशाल तिवारी ने इस याचिका पर त्वरित सुनवाई की मांग की थी हालांकि शीर्ष अदालत ने उनको तय प्रक्रिया का पालन करने और हाईकोर्ट में अपील करने को बोला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *