April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ऑपरेशन सिंदूर का एक महीना पूरा होने पर पाकिस्तान की सीमा के पास भारतीय वायुसेना का युद्धाभ्यास, पड़ोसी देश में मची है खलबली

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के एक महीने होने पर भारतीय वायुसेना एक बार फिर पाकिस्तान सीमा के पास युद्धाभ्यास कर रही है। भारतीय वायुसेना ने तय किया है कि वो शनिवार 7 जून 2025 को दोपहर 3.30 बजे से 8 जून रात 8.30 बजे तक पाकिस्तान की सीमा के पास युद्धाभ्यास करेगी। इसके लिए सभी नागरिक उड़ानों को भारतीय वायुसेना के युद्धाभ्यास के लिए नोटम जारी किया गया है। ताकि संबंधित इलाके से होकर कोई भी नागरिक विमान उड़ान न भरे। भारतीय वायुसेना ने 4 जून को भी एक दिन के लिए पाकिस्तान की सीमा से करीब 60 किलोमीटर दूर एक दिन का युद्धाभ्यास किया था। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान में अब तक खलबली मची है।

भारतीय वायुसेना और भारतीय सेना ने 6 और 7 मई 2025 की दरम्यानी रात पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर जोरदार हमला कर उनको मिट्टी में मिलाया था। भारत के इस हवाई हमले से पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुरीदके स्थित मुख्यालय, जैश-ए-मोहम्मद का बहावलपुर स्थित मुख्यालय और मुजफ्फराबाद स्थित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहीदीन का मुख्यालय भी जमींदोज हुए थे। भारत के इन हमलों में 150 से ज्यादा आतंकी मारे गए। जैश चीफ मौलाना मसूद अजहर के परिवार और करीबियों में से 14 लोग भी मृतकों में शामिल थे। पहली बार ऐसा हुआ जब भारतीय सेना और वायुसेना ने पीओके के अलावा पाकिस्तान की धरती पर आतंकी संगठनों के ठिकानों को ध्वस्त किया। इससे पहले 2016 और 2019 में भारत ने पीओके में ही सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक की थी।

ऑपरेशन सिंदूर इसलिए भी अहम है, क्योंकि भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना ने आतंकी ठिकानों पर हमले का बदला लेने की कोशिश कर रही पाकिस्तान की सेना को भी बुरी तरह मारा। भारतीय सेना और वायुसेना ने ब्रह्मोस मिसाइलों और आत्मघाती ड्रोन के जरिए पाकिस्तान के 11 एयरबेस पर बड़ी तबाही मचाई। साथ ही पाकिस्तान के 2 रडार स्टेशन भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिए। हालांकि, पाकिस्तान का दावा है कि भारत ने उसके यहां 28 जगह हमले किए। भारत के इन हमलों के बाद पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और अन्य नेता अब दुनियाभर में कहते घूम रहे हैं कि उनका देश आतंकवाद के मसले पर भी भारत से बातचीत के लिए तैयार है। वहीं, भारत ने साफ कहा है कि पाकिस्तान से सिर्फ आतंकवाद और पीओके खाली करने के मसले पर ही बात होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *