April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी ने लिखा- चुनाव कैसे चुराया जाता है?, बीजेपी बोली- जनता के मन में देश के संस्थानों के प्रति भरोसा खत्म करने की ये है कांग्रेस की रणनीति

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को बीजेपी ने एक बार फिर निशाने पर लिया है। दरअसल, राहुल गांधी ने कई अखबारों में लेख लिखा कि चुनाव कैसे चुराया जाता है। इस पर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट किया। अमित मालवीय ने लिखा है कि राहुल गांधी को अच्छी तरह समझ है कि चुनावी प्रक्रिया कैसे काम करती है। मालवीय ने लिखा कि राहुल गांधी का लक्ष्य स्पष्टता की जगह अराजकता है। बीजेपी नेता ने कहा कि जब कांग्रेस तेलंगाना और कर्नाटक में चुनाव जीतती है, तो उसी प्रणाली को निष्पक्ष और न्यायपूर्ण कहती है, लेकिन जब हरियाणा से महाराष्ट्र तक हारते हैं, तो रोना-धोना और साजिश की बात कहने लगते हैं।

अमित मालवीय ने ये भी लिखा है कि हमारी संस्थागत प्रक्रियाओं के बारे में वोटरों के मन में शक और असहमति के बीज बोने की कोशिश उन्होंने बार-बार की है। बीजेपी नेता ने अमेरिका के खरबपति और कई देशों में सरकारों के खिलाफ आंदोलन खड़ा करने वाले जॉर्ज सोरोस का नाम लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। अमित मालवीय ने लिखा है कि जनता के अपने देश के संस्थानों में भरोसे को व्यवस्थित रूप से खत्म करने की सोरोस की सीधी रणनीति है। ताकि राजनीतिक लाभ के लिए उनको भीतर तक तोड़ा जा सके। अमित मालवीय ने लिखा है कि भारत का लोकतंत्र मजबूत और संस्थाएं लचीली हैं। भारतीय वोटर समझदार है और किसी भी तरह की हेराफेरी से कोई बदलाव आने वाला नहीं है।

राहुल गांधी ने अखबारों में चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाते हुए जो लेख लिखा, उसे उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर ये आरोप भी लगाया कि 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली का खाका था। राहुल गांधी ने अपने आरोप के पक्ष में 5 तर्क भी दिए। पहला चुनाव आयोग की नियुक्ति के लिए पैनल में धांधली। दूसरा फर्जी वोटरों को वोटर लिस्ट में शामिल किया जाना। तीसरा वोटिंग का प्रतिशत बढ़ाना। चौथा फर्जी वोटिंग को उसी जगह करना, जहां बीजेपी को जीतना है और पांचवां आरोप उन्होंने सबूत छिपाने का लगाया।

राहुल गांधी ने लिखा कि जो पक्ष धोखा देता है वो खेल जीत सकता है। राहुल गांधी ने ये भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र की तरह बिहार विधानसभा में भी मैच फिक्सिंग होगी। साथ ही उन जगहों पर भी होगी जहां बीजेपी हार रही है। राहुल गांधी ने लिखा कि चुनाव में मैच फिक्सिंग किसी भी लोकतंत्र के लिए जहर है। राहुल गांधी के इस पोस्ट पर तमाम यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने ये कहा है कि बिहार चुनाव हारने जा रहे, इसलिए पहले से ही माहौल बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *