April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजा रघुवंशी हत्या मामले में सामने आया राज कुशवाहा का नाम? सोनम से उसका क्या है संबंध? क्या कह रहे हैं राजा के परिजन?

नई दिल्ली। इंदौर के लापता दंपति मामले में सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के बाद अब धीरे-धीरे चीजें खुलकर सामने आ रही हैं। सोनम रघुवंशी के पति राजा की हत्या मामले में राज कुशवाहा नाम के एक शख्स के शामिल होने की बात सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज कुशवाहा सोनम के पिता की दुकान में काम करता था और सोनम का उसके साथ प्रेम प्रसंग था। दावा किया जा रहा है कि राज कुशवाहा ने ही सोनम को राजा को लेकर मेघालय जाने के लिए कहा था। जब सोनम अपने पति राजा के साथ मेघालय गई तो वहां राज ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजा की हत्या कर दी।

इस पूरे  मामले पर राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि राज कुशवाहा का नाम सामने आया है, इसका मतलब है कि हत्या में सोनम का हाथ हो सकता है। राज कुशवाहा सोनम का कर्मचारी था और वो लगातार फोन पर बात करते थे। हालांकि जब राजा और सोनम शादी तय हुई तो वे दोनों खुश थे। हमने कभी नहीं सोचा था कि सोनम ऐसा कुछ करेगी। वहीं राज कुशवाहा का नाम सामने आने के बाद विपिन रघुवंशी ने कहा कि अब मुझे लग रहा है कि मेघालय सरकार झूठ नहीं बोल रही है, जबकि इससे पहले उन्होंने मेघालय सरकार पर आरोप लगाए थे।

विपिन रघुंवशी ने कहा कि मेरे भाई को मारने वालों को सख्त से सख्त सजा मिले, मेरी यही मांग है। उन्होंने बताया कि राजा और सोनम का प्लान सिर्फ असम कामाख्या माता मंदिर दर्शन के लिए जाने का था वहां से शिलांग का प्लान अचानक बना। वहीं राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी का भी कहना है कि जो भी मेरे बेटे के कातिल हैं उनको फांसी की सजा मिलनी चाहिए। अगर सोनम ने ऐसा किया है, तो उसे भी सज़ा मिलनी चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा कि हमें अभी भी यकीन नहीं होता कि सोनम ऐसा कर सकती है। सोनम हमेशा हमारे साथ अच्छा व्यवहार करती थी, हमें इस बात का ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि कुछ गड़बड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *