दिल्ली

यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी, जानिए क्या है पूरा मामला?

शेयर करें:

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के दौरान समर्थन देने जर्मनी से भारत आए यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किल बढ़ गई है। दिल्ली के साकेत कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए मानहानि के एक मामले में सोमवार को ध्रुव राठी के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया है। ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि का केस विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे ने कराया है। अब अगर ध्रुव राठी भारत आते हैं, तो इस वॉरंट की बिनाह पर पुलिस उनको गिरफ्तार कर सकती है।

विकास सांकृत्यायन का आरोप है कि ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर मानहानि करने वाला वीडियो पोस्ट किया। शिकायत में कहा गया है कि यूट्यूबर ध्रुव राठी ने ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ शीर्षक से ये वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया। विकास का आरोप है कि ध्रुव राठी ने वीडियो में उन पर ऐसे कई झूठे और निराधार आरोप लगाए, जिनसे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। शिकायतकर्ता का कहना है कि ध्रुव राठी के इस वीडियो को बड़े पैमाने पर शेयर किया गया। दिल्ली के साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने सोमवार को सुनवाई के बाद ध्रुव राठी के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी करने का आदेश दिया।

कोर्ट ने इस मामले में 17 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वॉरंट जारी किया था। ध्रुव राठी को कोर्ट का नोटिस तामील कराने गए शख्स ने बताया था कि यूट्यूबर के घर पर ताला लगा मिला। इस पर कोर्ट ने गुरुग्राम में राठी के पते पर नए समन जारी किए थे। जिनको यूट्यूबर के घर पर चस्पा किया गया था। ध्रुव राठी के खिलाफ इस मामले में पहली बार 2019 में समन जारी हुआ था। ध्रुव राठी अक्टूबर 2026 में सीजेपी के समर्थन में जर्मनी से दिल्ली आए थे। बेंगलुरु से दिल्ली आने के बाद पुलिस ने गुरुग्राम के घर से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया था। करीब 20 घंटे बाद ध्रुव राठी को छोड़ा गया था। जिसके बाद ध्रुव राठी ने खुद को घर से अगवा करने और बदसलूकी का आरोप लगाया और फिर कुछ दिन बाद भारत छोड़ दिया। ध्रुव राठी के भारत आने पर विकास सांकृत्यायन ने फिर कोर्ट में दस्तक दी थी। उस वक्त कोर्ट ने कहा था कि शिकायतकर्ता कई साल से यूट्यूबर राठी को समन तामील कराने की कोशिश कर रहा है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें