February 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अंडमान के समुद्र में पवन हंस कंपनी के हेलीकॉप्टर की हुई क्रैश लैंडिंग, 7 लोग थे सवार, सभी सुरक्षित

नई दिल्ली। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज एक हादसा हो गया हालांकि गनीमत यह रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई। पवन हंस कंपनी के एक हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने के बाद तकनीकी खामी आ गई जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समुद्र में ही हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग कराई। विमान में कुल सात लोग सवार थे, सभी लोग सुरक्षित हैं। यह घटना सुबह तकरीबन 9:30 बजे की है। हेलीकॉप्टर ने पोर्ट ब्लेयर से उड़ान भरी थी इसमें दो क्रू मेंबर के अलावा पांच यात्री थे।

पवन हंस कंपनी की ओर से बताया गया कि पायलट ने मायाबंदर में जिस जगह पर हेलीकॉप्टर की समुद्र में लैंडिंग कराई वहां से रनवे से करीब 300 मीटर की दूरी पर था। तकनीकी खराबी की वजह जानने के लिए इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जैसे ही समुद्र में हेलीकॉप्टर के क्रैश लैंडिंग की जानकारी हुई तुरंत राहत और बचाव दल वहां पहुंचा और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद बोट से उन सभी को किनारे पर लाया गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी स्वास्थ्य जांच हो रही है। एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को हल्की फुल्की चोट है। आपको बता दें कि पवन हंस देश की सबसे बड़ी सरकारी हेलीकॉप्टर कंपनी है।

झारखंड में कल ही क्रैश हुआ था एयर एंबुलेंस प्लेन

यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है जब अभी एक दिन पहले ही झारखंड के चतरा जिले के घने जंगलों में एक मेडिकल एयर एम्बुलेंस प्लेन क्रैश हो गया था। उस विमान में भी मरीज और डॉक्टर समेत सात लोग सवार थे, सभी लोगों की मौत हो गई। बीचक्राफ्ट विमान (BE9L) ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शाम करीब 7 बजकर 11 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, करीब 20-25 मिनट के बाद विमान का संपर्क टूट गया और खसियातु करम टांड जंगल में विमान क्रैश हो गया। शुरुआती रिपोर्ट में इस विमान हादसे की वजह खराब मौसम को माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *