February 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा की नागरिकता रद्द कर सकता है कनाडा, पीएम मार्क कार्नी के भारत दौरे से पहले शुरू हुई प्रक्रिया

नई दिल्ली। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी को भारत दौरे पर आने वाले हैं। पीएम कार्नी की इस यात्रा से पहले उनकी सरकार ने मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा पर बड़ा एक्शन लेने की प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। कार्नी प्रशासन तहव्वुर राणा की कनाडाई नागरिकता को रद्द कर सकता है। माना जा रहा है कि कनाडाई सरकार भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूती देने के उद्देश्य से यह कदम उठा रही है। इससे पहले जस्टिन ट्रूडो की सरकार में कनाडा और भारत के रिश्तों में तल्खी आ गई थी।

तहव्वुर राणा का जन्म पाकिस्तान में हुआ था मगर साल 2001 में उसे कनाडा की नागरिकता मिल गई थी। राणा 2008 में मुंबई हमले की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपियों में से एक डेविड कोलमैन हेडली का करीबी है। राणा को पिछले साल 10 अप्रैल 2025 को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। लॉस एंजिलिस से विशेष विमान से दिल्ली लाने के बाद एयरपोर्ट पर भारत की सुरक्षा जांच एजेंसी नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने राणा को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया था। उसके बाद से वो दिल्ली की तिहाड़ जेल में कड़ी सुरक्षा वाले बैरक में बंद है।

हालांकि राणा की कनाडाई नागरिकता को रद्द किए जाने के विषय में इमिग्रेशन, रिफ्यूजी और सिटिजनशिप कनाडा (आईआरसीसी) की ओर से यह कहा गया है कि उसने अपने नागरिकता फॉर्म को भरते समय गलत जानकारी दी थी इस वजह से उसकी नागरिकता रद्द की जा रही है। आईआरसीसी के मुताबिक राणा ने साल 2000 में कनाडा की नागरिकता के लिए आवदेन फॉर्म में लिखा था कि वो पिछले चार सालों से ओटावा और टोरंटो में रह रहा है जबकि जांच में यह सामने आया कि वो लगभग पूरा समय शिकागो में रहा था, जहां उसकी कई प्रॉपर्टी और बिजनेस थे। जानबूझकर धोखा देने के आरोप में उस पर एक्शन लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *