मुख्यमंत्री योगी के संभावित दौरे को लेकर मेरठ प्रशासन अलर्ट, डीएम ने धुलेड़ा चुंगी का किया निरीक्षण
गौरव कुमार-
मेरठ। कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित मेरठ दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी वी.के. सिंह ने सोमवार को धुलेड़ा चुंगी पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और कांवड़ यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा कांवड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। पुलिस, प्रशासन और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहे।
