August 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मंडलायुक्त और डीआईजी ने गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा

गौरव कुमार-

मेरठ, श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त मेरठ भानुचन्द्र गोस्वामी एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने गाजियाबाद बॉर्डर निवाड़ी से लेकर मुजफ्फरनगर बॉर्डर खतौली तक गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने जानी पुल, भोला झाल, नानू पुल, दौराला पुल और सलावा झाल होते हुए पूरे कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान सुपर जोनल और जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान थाना जानी क्षेत्र स्थित भोला झाल पुलिस सहायता केंद्र और वहां स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वॉच टावर, ड्रोन और आईपी बेस्ड कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।

मंडलायुक्त और डीआईजी ने मार्ग में बने कांवड़ सेवा शिविरों एवं मेडिकल शिविरों का मुआयना किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर सुरक्षा, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिविर संचालकों को विद्युत सुरक्षा, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से महिला शिवभक्तों से संवाद बनाए रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और त्वरित सहायता के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *