मेरठ पुलिस का शानदार प्रदर्शन, दो इवेंट में प्रथम स्थान हासिल कर जीती विजेता शील्ड
नरेंद्र बंसल-
मेरठ। कमिश्नरेट लखनऊ में आयोजित 69वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक वैज्ञानिक अनुसंधान, पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कम्प्यूटर, डॉग स्क्वाड एवं एंटी सेबोटाज चेक प्रतियोगिता-2026 में मेरठ पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ मेरठ पुलिस की टीम ने विजेता शील्ड अपने नाम की।
प्रदेश के कुल 12 पुलिस जोनों की टीमों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। मेरठ की टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं प्रोफेशनल पुलिस फोटोग्राफी के दो इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में मेरठ पुलिस की फील्ड यूनिट में तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटर सन्नी मलिक ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं हेड कांस्टेबल ओमबीर सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक हासिल किए।
मेरठ जोन की टीम की इस उपलब्धि से मेरठ पुलिस और मेरठ जोन का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ एवं पुलिस अधीक्षक नगर मेरठ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
