कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मुख्य सचिव और डीजीपी ने लिया जायजा, कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
गौरव कुमार-
मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 और श्रावण शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक ने मेरठ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में एडीजी मेरठ जोन, डीआईजी मेरठ रेंज, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
बैठक के बाद मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने पुलिस लाइन स्थित एकीकृत इंटीग्रेटेड कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था, विभिन्न विभागों के समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान की प्रणाली का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात संचालन और आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद पुलिस महानिदेशक ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
