September 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीट पेपर लीक पर राजनीति न हो, दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित की जाए, एनडीए संसदीय दल की बैठक में बोले पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई। इस बैठक में पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक, विभिन्न देशों के साथ हुई फ्री ट्रेड डील (एफटीए), किसान हित से जुड़े मुद्दों पर बात की। मोदी ने कहा नीट पेपर लीक एक गंभीर अपराध है। इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा, जैसे ही नीट पेपर लीक की जानकारी मिली सराकर ने तुरंत कार्रवाई की। 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। छात्रों के भविष्य को नुकसान न हो इसलिए नीट का री-एग्जाम कराया गया और बिना देरी के उसका रिजल्ट घोषित किया गया। भविष्य में पेपर लीक की कोई घटना न हो इसके लिए सख्ती से कदम उठाए गए हैं। मोदी ने कहा कि जो भी दोषी हैं उनको सख्त सजा सुनिश्चित की जाए।

मोदी ने कहा कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है। यह पूरे देश का मुद्दा है और जिन लोगों ने यह महापाप किया है उनको सजा दिलाने के लिए पूरे देश को एकजुट होना चाहिए। इस मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, संसद के मॉनसून सत्र के दौरान एनडीए सकारात्मक भूमिका निभाएगा। देश के हित में लाए जाने वाले बिलों को पारित कराने के हमारे संकल्प में हम एकजुट हैं। मोदी ने विपक्ष से भी आग्रह किया कि भले ही अलग-अलग पार्टियों की राय अलग-अलग हो, लेकिन वे देश, उसके भविष्य और युवाओं के लिए मिलकर काम करें।

रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कई और अहम मुद्दों पर बात की और अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल के महीनों में देश की कामयाबियों का जिक्र किया और अलग-अलग देशों के साथ हुए एफटीए के बारे में बात की। इन समझौतों को लेकर प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी, उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के साथ होने वाले एफटीए में किसानों का कल्याण सबसे अहम होता है, ताकि ये समझौते किसानों और देश, दोनों के ही सर्वोत्तम हितों को पूरा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *