July 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान की बढ़ सकती है मुश्किल, सिंधु जल समझौते पर भारत ने लिया ये नया फैसला

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही भारत ने सिंधु जल समझौते को स्थगित कर रखा है। पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे को उठाकर भारत को धमकी पर धमकी भी दे रहा है, लेकिन भारत ने अब जो रुख अपनाया है, उससे पाकिस्तान की मुश्किल बढ़ सकती है। द टाइम्स ऑफ इंडिया अखबार की खबर के मुताबिक भारत ने तय किया है कि सिंधु जल समझौता मौजूदा स्वरूप में लागू नहीं रहने वाला। अखबार के मुताबिक भारत अभी सिंधु जल समझौते को खत्म करने पर विचार नहीं कर रहा, लेकिन सरकार का मानना है कि इस समझौते के मौजूदा स्वरूप का लागू रहने भारत के हित में नहीं।

भारत ने सिंधु जल समझौते को स्थगित करने से पहले अभी के दौर के हिसाब से उसकी समीक्षा और बदलाव की मांग की थी। अगर भारत फिर से पानी के बंटवारे को शुरू करता है, तो उसे नई शर्त और ढांचे के तहत ही लागू करेगा। खबर के मुताबिक आगे के घटनाक्रम और पाकिस्तान के अगले कदम को देखने के बाद ही भारत तय करेगा कि सिंधु जल समझौते को खत्म करना है या नहीं। वियना समझौते के अनुच्छेद 60 के तहत किसी भी संधि में अगर कोई पक्ष गंभीर उल्लंघन करता है, तो दूसरा पक्ष उसे खत्म कर सकता है। भारत का कहना है कि पाकिस्ताना का सीमा पार आतंकवाद फैलाना संधि के दायित्व का गंभीर उल्लंघन है। भारतीय अफसरों ने अखबार से कहा कि भारत संप्रभु देश है और ऐसी संधि में बने रहने के लिए उसे मजबूर नहीं किया जा सकता, जो हित में न हो।

पाकिस्तान के नेता और सेना के अफसर लगातार सिंधु जल समझौते को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं। पाकिस्तान इस मसले को पंचाट में भी ले गया है, लेकिन भारत ने साफ कहा है कि पंचाट इसमें कोई दखल नहीं दे सकता। पाकिस्तान का कहना है कि भारत ने गैरकानूनी तौर पर सिंधु जल समझौते को स्थगित किया। जिससे उसके यहां जल सुरक्षा और रोजगार पर खतरा पैदा हुआ है। विश्व बैंक की मध्यस्थता से साल 1960 में भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत 80 फीसदी पानी पाकिस्तान में जाता रहा है। बावजूद इसके पानी को इकट्ठा करने के लिए पाकिस्तान ने कोई व्यवस्था नहीं की। वहां ज्यादातर पानी बर्बाद होता है। भारत ने साफ कह रखा है कि पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद पर रोक लगाए जाने तक सिंधु जल समझौता स्थगित रहेगा, क्योंकि पानी और खून साथ नहीं बह सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *