दिल्ली

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी, कांग्रेस की अगुवाई में लामबंद हो रहा विपक्ष

शेयर करें:

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए कांग्रेस सभी विपक्षी दलों को लामबंद कर रही है। सूत्रों के मुताबिक महाभियोग प्रस्ताव के लिए ड्राफ्ट तैयार हो रहा है और कांग्रेस की अगुवाई में आने वाले कुछ दिनों में संसद के दोनों सदनों महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस पेश करेंगे। संभवत: दो हफ्ते के अंदर इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी के खुलासे के बाद से ज्ञानेश कुमार विपक्षी दलों के निशाने पर हैं।

उधर, ममता बनर्जी की पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें चुनाव आयोग के कामकाज में आपराधिक आचरण का आरोप लगाया गया है। महुआ मोइत्रा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना फैसला लिया। असली वोटरों को उनके अधिकार से वंचित करना आधिकारिक काम नहीं है। उन्हें कोई छूट नहीं मिल सकती। उन पर मुकदमा चलना चाहिए।

इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस कर ज्ञानेश कुमार पर गंभीर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए उनको देशद्रोही तक कह दिया। वहीं कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने सभी प्रदेश इकाइयों को 25 सितंबर को राज्य के चुनाव आयोग कार्यालयों तक विरोध मार्च निकालने का निर्देश दिया है। बता दें कि इंडियन एक्सप्रेस की जिस रिपोर्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ है उसमें यह दावा किया गया है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार और अन्य दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के बीच एसआईआर से जुड़े मुद्दों पर मतभेद था। इसको लेकर दोनों चुनाव आयुक्तों और सीईसी के बीच 14 बार पत्राचार भी हुआ था। हालांकि इस पर सफाई देते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि जो भी फैसले लिए गए वो तीनों की सहमति से हुए।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें