June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नौकरी के नाम पर जमीन हड़पने वाले आज…महागठबंधन पर बरसे राजनाथ सिंह

नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव का प्रचार अब चरम पर है। एनडीए के नेता घूम घूम कर ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आज हयाघाट और बाढ़ विधानसभा क्षेत्रों में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने कहा, इस बार के चुनाव में मुद्दा एकदम साफ है। आने वाले वर्षों में बिहार को एक विकसित राज्य बनाना है या फिर से उसे जंगलराज की तरफ ले जाना है, यह बिहार की जनता को तय करना है। उन्होंने कहा, राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए, राजनीति देश बनाने के लिए की जानी चाहिए।

तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए रक्षा मंत्री बोले, बिहार में विपक्ष के नेता का कहना है कि केन्द्र ने वक्फ कानून में जो संशोधन करके नया कानून बनाया है उसे कूड़ेदान में फेंक देंगे। वक्फ कानून के नाम पर बिहार में विपक्ष के नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं। यह स्पष्ट है कि जब कोई कानून भारत की संसद द्वारा बनाया जाता है, तो उसे कोई भी राज्य सरकार खत्म नहीं कर सकती। SIR को लेकर विपक्ष के द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, चुनाव आयोग एक स्वायत्त संस्था है और निष्पक्ष रूप से काम कर रहा है। SIR प्रक्रिया निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए शुरू की गई लेकिन चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर भी कांग्रेस और आरजेडी ने आरोप लगा दिये। महागठबंधन संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का विरोध करने पर उतर आया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आरजेडी के समय में यह स्थिति थी कि नौकरी का लालच दिखाकर लोगों के खेत तक हड़प लिए जाते थे और आज वही लोग कहते हैं हम हर परिवार में सरकारी नौकरी देंगे। उन्होंने कहा, केवल भाषण देकर भ्रष्टाचार समाप्त नहीं किया जा सकता बल्कि व्यवस्था में बदलाव लाकर ही भ्रष्टाचार समाप्त किया जा सकता है और ये कदम एनडीए की सरकार ने उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *