त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस मुख्यालय में मिला शव, आत्महत्या की आशंका
नई दिल्ली। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अगरतला में स्थित पुलिस मुख्यालय में मृत अवस्था में पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि डीजीपी अनुराग धनखड़ ने आत्महत्या की है, हालांकि इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। उनके शव को अगरतला के जीबी पंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अनुराग धनखड़ ने मई 2025 में त्रिपुरा के डीजीपी का पद संभाला था। वो 1994 बैच के त्रिपुरा कैडर के आईपीएस अफसर थे और मूल रूप से यूपी के बागपत जिले के रहने वाले थे।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि डीजीपी धनखड़ ने अपने कार्यालय में फांसी लगाई जबकि कुछ में उनके गोली मारकर सुसाइड की बात कही जा रही है। वहीं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जीबी पंत अस्पताल के सीनियर डॉक्टर प्रदीप भौमिक ने बताया कि जब डीजीपी धनखड़ को अस्पताल लाया गया तो उनके शरीर में किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं थी। उनको सीपीआर भी दिया गया मगर उससे कोई लाभ नहीं हुआ। उधर, घटनास्थल को सील कर लिया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सवाल यह उठ रहा है कि अगर डीजीपी धनखड़ ने आत्महत्या की है तो आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया? फिलहाल त्रिपुरा पुलिस या सरकार की तरफ से इस घटना के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि मुख्यमंत्री माणिक साहा ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। अनुराग धनखड़ को पुलिस, खुफिया तंत्र और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अनुभव था। उनकी गिनती ईमानदार और तेज तर्रार पुलिस अफसरों में होती थी।
