July 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ग्रेजुएशन में टॉप-5 आने वाली छात्राओं को स्कूटी देगी योगी सरकार, कैबिनेट ने विंध्य एक्सप्रेसवे समेत कई और योजनाओं को दी मंजूरी

लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में तमाम अहम फैसले लिए गए। उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि छात्राओं को प्रोत्साहन देने के वास्ते रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी मिली है। जिसके तहत सभी कॉलेज, विश्वविद्यालय से 2015-26 में ग्रेजुएट होने वाली छात्रों में से टॉप 5 को स्कूटी दी जाएगी। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 12 लाख से कम होने की शर्त होगी। स्कूटी का रजिट्रेशन और बीमा सरकार कराएगी। ये योजना दिव्यांगजन, निराश्रित और शहीदों के परिवार की छात्राओं के लिए भी होगा। जिनके लिए मेरिट में आना जरूरी नहीं होगा।

हर यूनिवर्सिटी और डिग्री कॉलेज में भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ाने के लिए शोध पीठ स्थापित होंगे। इसके लिए सरकार अनुदान देगी। हर यूनिवर्सिटी के अलावा 50 साल पूरे कर चुके और 5 हजार से ज्यादा छात्रों वाले डिग्री कॉलेज अनुदान का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा वाराणसी के बसंत महिला डिग्री कॉलेज में छात्रावास बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि विंध्य एक्सप्रेसवे को 6 से 8 लेन बनाने का प्रस्ताव योगी कैबिनेट में मंजूर हुआ। प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र को जोड़ा जाएगा। प्रयागराज में गंगा एक्सप्रेसवे खत्म होने के बाद विंध्य एक्सप्रेसवे की शुरुआत होगी। इस पर करीब 26315 करोड़ खर्च होंगे।

इसके अलावा विंध्य-पूर्वांचल स्पर लिंक के 8 लेन विस्तार को योगी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। जिससे गाजीपुर, मिर्जापुर और चंदौली जिलों के लोगों को फायदा होगा। वहीं योगी कैबिनेट ने आउटसोर्सिंग सेवा निगम बनाने, 220 सरकारी बसों की खरीद का फैसला भी लिया है। अग्निशमन के लिए 5 दमकल वाहन खरीदने की भी मंजूरी दी गई। योगी कैबिनेट ने 3 से 6 अगस्त तक विधानमंडल का मॉनसून सत्र कराने का भी फैसला किया। इस दौरान अनुपूरक बजट व अन्य विधायी कार्य पूरे कराए जाएंगे। ये सत्र काफी महत्वपूर्ण होने जा रहा है, क्योंकि अगले साल यूपी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *