July 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गाजियाबाद में पारिवारिक विवाद के चलते दो बेटों ने मिलकर अपने बूढ़े माता-पिता की कर दी हत्या

नई दिल्ली। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर में पारिवारिक विवाद के चलते दो कलयुगी बेटों ने मिलकर अपने बूढ़े माता-पिता को पीट-पीटकर मार डाला। किराएदारों ने पुलिस को सूचना दी तब इस घटना का पता चला। मृतक गंगाशरण और उनकी पत्नी विमलेश के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है जबकि उनके दोनों बेटों ललित और दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं आसपास के क्षेत्र में यह हत्याकांड चर्चा का विषय बना हुआ है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त नगर (कार्यवाहक) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि डायल 112 पर सूचना दी गई कि गंगाशरण व उनकी पत्नी विमलेश तथा उनके दोनों लड़को दीपक व ललित के बीच आपस में झगड़ा किया जा रहा है जिसमें गंगाशरण एवं विमलेश को काफी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर तत्काल क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल अवस्था में गंगाशरण व विमलेश को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। जिनको डाक्टर्स द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। प्रकरण में आरोपी दोनों लड़को दीपक व ललित को हिरासत में लिया गया है जिनसे गहराई से पूछताछ की जा रही है। जांच में पारिवारिक झगड़े के कारण आरोपी बेटो द्वारा घटना को कारित करना पाया गया है, अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

वहीं उस मृतक के मकान में रहने वाली एक किराएदार महिला ने बताया कि जिस वक्त मकान मालिक के घर में झगड़ा हो रहा था उनके बेटों ने बाहर से किराएदार का दरवाजा बंद कर दिया था ताकि कोई बाहर निकलकर हस्तक्षेप न करे। वहीं मृतक के एक अन्य पड़ोसी के मुताबिक दोनों बेटों की आए दिन अपने मां, बाप से लड़ाई होती रहती थी। सोमवार रात भी इनके बीच विवाद हुआ था जो इतना बढ़ गया कि बेटों ने माता, पिता को मार डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *