त्योहारों को लेकर वेवसिटी थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील
प्रदीप बंसल –
गाजियाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को थाना वेवसिटी परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी श्रीमती प्रियाश्री पाल ने की।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया। एसीपी प्रियाश्री पाल ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और सभी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी संबंधी तैयारियों की जानकारी भी साझा की। लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।
एसीपी ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार जनसंवाद और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि सभी त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।
