ट्रोनिका सिटी में बनी अवैध मंजार पर चला प्रसाशन का बुलडोजर
नरेंद्र बंसल –
लोनी/ट्रोनिका सिटी। थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र स्थित ग्रीन बेल्ट में यूपीसीडा की भूमि पर बनी अवैध मजार को प्रशासन ने हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जांच में पाया गया था कि संबंधित मजार यूपीसीडा की जमीन पर अवैध रूप से निर्मित थी। यूपीसीडा की ओर से पहले संबंधित पक्ष को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद यूपीसीडा ने अवैध निर्माण को हटाने का निर्णय लिया।
शनिवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में मजार को हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी स्वयं मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पीएसी, आरएएफ तथा अन्य पुलिसकर्मियों सहित करीब 400 से 450 जवान तैनात किए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई और कहीं से किसी विरोध या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
