मोदी सरकार के 12 साल: उद्योग और व्यापार को मिला नया आयाम, गाजियाबाद में उद्यमियों से संवाद
नरेंद्र बंसल –
गाजियाबाद। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला प्रशासन की ओर से उद्यमी परिचय बैठक एवं मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने की।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। कृषि और उद्योग सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि लघु, मध्यम और बड़े उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेश और उद्योगों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। एनसीआर क्षेत्र में सड़क, रेल और हवाई संपर्क की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही सुरक्षा, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है, जिससे उद्यमियों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने उद्योगपतियों से अपने संसाधनों का उपयोग उद्योग विस्तार और रोजगार सृजन में करने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद उद्यमियों और व्यापारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश और देश की तस्वीर बदली है। कानून व्यवस्था में सुधार होने से व्यापारी और उद्यमी निर्भय होकर व्यवसाय कर रहे हैं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) टूल किट एवं प्रशिक्षण योजना के पांच लाभार्थियों, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के ब्यूटी पार्लर ट्रेड के पांच लाभार्थियों को टूल किट वितरित की। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, महापौर सुनीता दयाल, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, सदर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व एमएलसी दिनेश गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह सहित प्रशासन, पुलिस, जीएसटी विभाग के अधिकारी, उद्यमी, व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों को भी संबोधित किया।
