भगवान कृष्ण पांच वक्त के नमाजी मुस्लिम थे’, इटावा के मौलाना जरजिस अंसारी के विवादित बयान पर भड़के संत, जुबान काटने पर इनाम का एलान
इटावा/अयोध्या। यूपी के इटावा के मौलाना जरजिस अंसारी पहले भी अपने बयानों की वजह से विवाद में घिरते रहे हैं। अब मौलाना जरजिस अंसारी का एक और विवादित बयान सामने आया है। जरजिस अंसारी के इस बयान के बारे में बताया जा रहा है कि 23 जून को झारखंड में एक सभा में दिया। इस बयान में जरजिस अंसारी ने भगवान श्रीकृष्ण को मुस्लिम और पांच वक्त का नमाजी कहा था। जरजिस ने दावा किया कि भगवान श्रीकृष्ण इस्लाम का प्रचार करते थे। मौलाना ने ये भी कहा कि दीन को भगवान कृष्ण के अलावा भगवान राम ने भी पेश किया। जरजिस के इस बयान पर हिंदू संतों और संगठन भड़क गए हैं। महामंडलेश्वर विष्णु दास ने तो मौलाना जरजिस की जुबान काटने वाले को 10 लाख का इनाम देने तक का एलान किया है।
मौलाना जरजिस अंसारी पर आरोप है कि तकरीर के दौरान श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक का गलत अर्थ बताया। वायरल वीडियो के मुताबिक मौलाना जरजिस ने कहा था कि हमारे भाई अगर बुरा न मानें, तो कृष्ण जी भी पांच वक्त की नमाज पढ़ा करते थे। जरजिस ने आगे कहा कि यकीन न आए तो श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय का 10वां श्लोक देख लीजिए। फिर मौलाना जरजिस अंसारी ने ‘योगी युञ्जीत सततमात्मानं एकाकी…’ श्लोक का उद्धरण दिया और कहा कि इसमें कृष्ण जी ने अर्जुन से कहा कि हे अर्जुन, ईश्वर की पूजा करो तो पूरे शरीर का योग करो। इसके बाद मौलाना जरजिस ने कहा- योगी, उत्तर प्रदेश वाले नहीं…पूरे शरीर का योग करो…यानी पूजा सिर्फ खड़े होकर नहीं…बल्कि पूरे शरीर के साथ होनी चाहिए।
मौलाना जरजिस अंसारी यहीं नहीं रुके। मौलाना ने कहा कि आज हिंदू धर्म में चले जाइए…लोग सिर्फ ऐसे हाथ उठाएंगे- ओम नमः शिवाय…बस हो गई पूजा। ये भी कहा कि ये हिंदू और मुस्लिम का विषय नहीं है। मौलाना ने कहा कि अगर ये (हिंदू) अपनी किताबें पढ़ लें…फिर सीएम योगी आदित्यनाथ का हवाला दिया और कहा कि योगी जी बड़े भक्त बनते हैं राम के…अगर अपनी किताबें पढ़ लें, तो यकीन मानिए इस्लाम से मोहब्बत करने लगेंगे…क्योंकि इस्लाम सिर्फ मुसलमानों का धर्म नहीं…ये उनका भी धर्म है…। माना जा रहा है कि विवादित बयान देने वाले मौलाना जरजिस अंसारी पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। क्योंकि उन्होंने गीता के श्लोक का भी गलत मतलब बताया। साथ ही उनके बयान से सांप्रदायिक तनाव भी होने की आशंका है।
